राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में उद्योग मंत्री चौहान बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे
पांवटा साहिब में 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स अंडर-14 वॉलीबाल चैंपियनशिप का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। आज प्रतिस्पर्धा का युग है, विद्यार्थी जीवन में सर्वांगीण विकास हो इस लक्ष्य के साथ प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक क्षेत्र में अनेकों अहम निर्णय लिए हैं जिनके माध्यम से शिक्षा के मूलभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मुहैया हो सके। प्रदेश सरकार शिक्षा को व्यावहारिक बनाने कि दिशा में कार्य कर रही है, ताकि बच्चे वास्तविक जीवन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें। उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शुक्रवार को पीएमश्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स अंडर-14 (छात्र) वॉलीबाल चैंपियनशिप के समापन समारोह में संबोधित करते हुए ये बात कही।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार के सुधारवादी निर्णयों के आज सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश आज पूर्ण रूप से साक्षर राज्य के रूप में अपनी पहचान बना चुका है तथा 21वें स्थान से आज शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है। शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी मीडियम आरंभ किया है ताकि विद्यार्थी आरंभ से ही अंग्रेजी भाषा के साथ समन्वय स्थापित कर सके। शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रदेश के 100 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं को सीबीएसई बोर्ड से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं। जिला स्तर पर बुनियादी खेल ढांचे का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। उद्योग मंत्री ने ऐच्छिक निधि से दो लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
प्रधानाचार्य प्रेमपाल ठाकुर ने बताया कि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स अंडर-14 (छात्र) वॉलीबाल चैंपियनशिप की विजेता उत्तर प्रदेश टीम, उपविजेता उत्तराखंड तथा तीसरे स्थान के लिए मणिपुर की विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक शिक्षा बीआर शर्मा, एनसीसी सीओ लेफ्टिनेंट कर्नल जगत सिंह चौहान, अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, एसडीएम गुंजीत सिह चीमा, महाप्रबंधक उद्योग रचित शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग दलीप तोमर और निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति निगम नसीमा बेगम भी मौजूद थे।
इसके अलावा निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, प्रधानाचार्य प्रेमपाल ठाकुर, नगर परिषद की चेयरपर्सन निर्मल कौर व उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया,ओएसडी अत्तर राणा, अश्विनी शर्मा, अवनीत सिंह लांबा, पूर्व नप चेयरमैन तपेंद्र सैनी सहित संयुक्त निदेशक शिक्षा जगदीश नेगी, उप निदेशक हेमेंद्र बाली, राजीव ठाकुर तथा रीता गुप्ता, तिलक सिंह नोडल अधिकारी स्पोर्ट्स, संतोष चौहान महासचिव एचएसएसए और देवेंद्र चौहान कोच तथा अन्य ऑफिशियल व क्षेत्र के गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।