फेंसर (तलवारबाज) विश्वजीत ठाकुर। स्रोत : परिजन
बैंकॉक में पच्छाद के तलवारबाज का शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद उपमंडल के मलाना गांव निवासी फेंसर विश्वजीत ठाकुर ने थाईलैंड ओपन फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीता। बैंकॉक में आयोजित प्रतियोगिता की टीम स्पर्धा में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही। चार सदस्यीय भारतीय टीम में विश्वजीत ठाकुर के अलावा मणिपुर के दो और जम्मू के एक खिलाड़ी शामिल रहा।
विश्वजीत इससे पहले कॉलेज, विश्वविद्यालय और खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं में भी कई पदक जीत चुके हैं। वह प्रोफेशनल फेंसिंग प्रतियोगिताओं में आठ बार के राष्ट्रीय पदक विजेता हैं। इसके अलावा वह तीन बार खेलो इंडिया पदक विजेता और चार बार ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स पदक विजेता रह चुके हैं। वह एनएसएनआईएस प्रमाणित कोच और हाइब्रिड एथलीट भी हैं। हिमाचल प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शादीलाल गोस्वामी और महासचिव अतुल ठाकुर ने विश्वजीत ठाकुर को बधाई दी।