नाहन (सिरमौर)। पिछले लंबे अरसे से चल रहा सूखा लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगा है। बारिश नहीं होने की वजह से चल रही शुष्क ठंड की वजह से लोग वायरल की चपेट में आ गए हैं। सर्दी-जुखाम, बुखार, छाती जाम की समस्या से पीड़ितों की संख्या पिछले तीन-चार दिनों से बढ़ गई है। चिकित्सकों ने लोगों से इस मौसम में जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। ओपीडी में अन्य दिनों की अपेक्षा 30 प्रतिशत इजाफा हो गया है।
इन दिनों शुष्क ठंड का प्रकोप बढ़ गया है जिसकी वजह से लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। नाहन मेडिकल कॉलेज सहित जिला के अन्य अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। वायरल की चपेट में आने वाले मरीजों में बच्चों और बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक है। नाहन मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को मरीजों की भारी भीड़ जुटी। विभिन्न ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी लाइनें लग रही है।
अस्पताल में आने वाले बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चाइल्ड स्पेशलिस्ट नहीं होने की वजह से लोग अपने बच्चों को प्राइवेट अस्पताल लेकर जाने को विवश हो रहे हैं। उधर, नाहन मेडिकल कॉलेज के कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील ककड़ ने माना कि मौसम में बदलाव की वजह से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे मौसम में सर्दी से बचें। यदि किसी को वायरल की शिकायत हो तो वह चिकित्सक के परामर्श के बिना दवाई न लें। चिकित्सक से जरूर चेकअप करवाएं।