नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं की वार्षिक परीक्षा के परिणामों में इस बार जिला सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्रों ने वो कर दिखाया है, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है। सोमवार को जारी मेरिट सूची में सिरमौर के दूरदराज और ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों ने ऐसा परचम लहराया है कि बड़े-बड़े नामी निजी और शहरी स्कूल पूरी तरह हाशिए पर चले गए हैं।
जिले की इस कामयाबी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि टॉप टेन में जगह बनाने वाले सभी स्कूल ग्रामीण परिवेश से हैं, जबकि शहरी और निजी स्कूलों का खाता तक नहीं खुल सका। विज्ञान संकाय में पांवटा साहिब के ग्रामीण क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (जीएसएसएस) शिवपुर के छात्र आरव शर्मा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आरव ने 500 में से 490 अंक (98 फीसदी) प्राप्त कर प्रदेश भर में पांचवां स्थान झटका है। आरव की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि अगर हौसला बुलंद हो, तो संसाधनों की कमी कामयाबी में बाधा नहीं बनती।
-बाक्स
कला संकाय में बेटियों का दबदबा
कला संकाय (आर्ट्स) में सिरमौर की तीन बेटियों ने मेरिट सूची में धाक जमाई है। पच्छाद क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगर धरयार की छात्रा आरुषि ने 495 अंक (99 फीसदी) लेकर प्रदेश भर में दूसरा रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। वहीं, पीएमश्री स्कूल नौहराधार की समृद्धि और जीएसएसएस लानापालर की रुचिका ने 489 अंक (97.8 फीसदी) लेकर संयुक्त रूप से प्रदेश में आठवां स्थान पाया है।
हैरानी की बात यह है कि भारी भरकम फीस वसूलने वाले निजी स्कूल और सुविधाओं से लैस शहरी सरकारी स्कूल इस बार टॉप टेन की दौड़ में कहीं नजर नहीं आए। मेरिट सूची में केवल ग्रामीण स्कूलों के नाम होना यह दर्शाता है कि सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा की लौ अब पहले से ज्यादा तेज जल रही है।
संवाद
मेरिट स्कूल में आए अपने भतीजे आरव शर्मा को माला पहनाकर खुशी जाहिर करती बुआ चेतना शर्मा। स्रोत:
मेरिट स्कूल में आए अपने भतीजे आरव शर्मा को माला पहनाकर खुशी जाहिर करती बुआ चेतना शर्मा। स्रोत: