सराहां में उपमंडलीय बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
-पंचायत प्रधान ने स्कूल को तीन डस्टबिन और दो सोलर लाइट देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई) सराहां में आयोजित दो दिवसीय उपमंडलीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का समापन हो गया। 18 और 19 सितंबर को आयोजित विज्ञान कांग्रेस में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित और नवाचार से जुड़ी प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञान प्रश्नोत्तरी के जूनियर वर्ग में डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहां की गार्गी सिंह और पर्णिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानवा की आरुषि और वैष्णवी प्रथम रहीं, जबकि नारग (पीएम श्री) की अर्पिता शर्मा और नितिका शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया।
मैथ्स ओलंपियाड जूनियर वर्ग में डीएवी सराहां के शराध्यवर दत्त भारद्वाज प्रथम रहे। सीनियर वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) सराहां की किंजल शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। सीनियर सेकेंडरी वर्ग में जीयूएसएस सराहां के अभय ठाकुर प्रथम रहे। इनोवेटिव साइंस मॉडल सीनियर वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहां की अर्चिता ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में पंचायत प्रधान किरण अत्री और उपप्रधान नरेंद्र गोसाईं मुख्य अतिथि रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान पंचायत प्रधान ने विद्यालय को तीन डस्टबिन और दो सोलर लाइट देने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रणधीर ठाकुर ने की।
प्रधानाचार्य ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।-