-62 उद्योगों को नोटिस, केवल छह ने कराया सत्यापन
-सत्यापन में प्रवासी श्रमिकों के मामलों में आ रही दिक्कतें
संजय गुप्ता
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में प्रवासी कामगारों के सत्यापन अभियान को उद्योगों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। पुलिस विभाग की ओर से एक माह पूर्व 62 उद्योगों को पत्र जारी कर उनके यहां कार्यरत प्रवासी श्रमिकों का सत्यापन करवाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक केवल छह उद्योगों ने ही इस दिशा में पहल की है।
पुलिस विभाग के अनुसार अधिकांश उद्योग संचालक सत्यापन प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे अभियान की गति प्रभावित हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रवासी कामगारों का सत्यापन बेहद जरूरी है। जानकारी के मुताबिक, कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों में करीब 70 प्रतिशत श्रमिक प्रवासी हैं। ऐसे में सभी कामगारों का रिकॉर्ड तैयार करना और उनका सत्यापन कराना सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि कामगारों के सत्यापन के बाद क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों का सत्यापन भी ग्राम पंचायतों के सहयोग से किया जाएगा। सत्यापन अभियान में उन प्रवासी श्रमिकों के मामलों में भी दिक्कतें आ रही हैं, जो हिमाचल प्रदेश के उद्योगों में कार्यरत हैं, लेकिन उनका निवास हरियाणा में है। ऐसे मामलों में आवश्यक दस्तावेज और जानकारी जुटाने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने में अभी कई महीने लग सकते हैं। पुलिस विभाग ने औद्योगिक संगठनों और उद्योग प्रबंधन से अपील की है कि वे अभियान को प्राथमिकता देते हुए अपने यहां कार्यरत प्रवासी कामगारों की जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि सत्यापन कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि संबंधित थाना के माध्यम से उद्योगों को प्रवासी कामगारों और किरायेदारों के सत्यापन संबंधी पत्र जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उद्योगों से कामगारों की सूची मांगी गई है, ताकि सत्यापन कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।