सीएसआर योजना के तहत लगाए जाएंगे आधुनिक वेंटीलेटर और मशीनें
नवजात और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों को मिलेगा बेहतर उपचार
शिशु वार्ड के आईसीयू में स्थापना का कार्य प्रगति पर, जल्द होंगे फंक्शनल
चंद्र ठाकुर
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बाल वार्ड में नवजात और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं मिलेंगी। बच्चों का यहां अब आधुनिक सुविधाओं वाली मशीनों से उपचार होगा। उन्हें सुविधाओं के अभाव में अब उपचार के लिए चंडीगढ़, शिमला और निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
दरअसल, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत मेडिकल कॉलेज शिशु विभाग आधुनिक सुविधाओं से लेस 5 वेंटीलेटर और 5 टेस्ट मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इन्हें शिशु वार्ड के आईसीयू में स्थापित किया जा रहा है, जो जल्द फंक्शनल होंगी।
जानकारी के मुताबिक आईसीयू में दो बड़े और तीन छोटे वेंटीलेटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा एडवांस एपीजी मशीन स्थापित की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिशु वार्ड में इलाज के लिए आने वाले गंभीर रूप से बीमार नवजातों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वेंटिलेटर सुविधा उपलब्ध होने से बच्चों को बाहर रेफर करने की जरूरत कम होगी। यहीं पर उच्च स्तरीय उपचार मिल सकेगा।
इन वेंटीलेटरों के साथ ऑक्सीजन सपोर्ट, मॉनिटरिंग सिस्टम और अन्य आवश्यक मेडिकल उपकरण भी जोड़े जा रहे हैं, ताकि बच्चों की स्थिति पर हर समय नजर रखी जा सके। आधुनिक वेंटिलेटर शुरू होने से शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज के शिशु विभाग पर पूरे सिरमौर जिले के नवजात और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को उपचार का भार रहता है। मुख्यत: पांवटा साहिब, शिलाई व अन्य अस्पतालों में स्टाफ की कमी रहती है। ऐसे में इन स्वास्थ्य संस्थानों से अकसर बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाता है।
बाक्स-
क्यों रहती हैं वेंटीलेटर की जरूरत
बाल विशेषज्ञों के अनुसार नवजात शिशु को वेंटिलेटर पर इसलिए रखा जाता है, ताकि उसे सांस लेने में मदद मिल सके। जब उसके फेफड़े अपरिपक्व हों, बीमार हों या सांस लेने में कठिनाई हो रही हो, तो यह मशीन ऑक्सीजन पहुंचाती है। इससे मस्तिष्क और अन्य अंगों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है और जीवन बचता है। खासकर समय से पहले जन्मे या गंभीर रूप से बीमार शिशुओं के लिए यह अत्यंत जरूरी है।
बाक्स-
स्थापित होंगे वेंटीलेटर और मशीनें
मेडिकल कॉलेज के बाल वार्ड के आईसीयू में 5 वेंटीलेटर और 2 आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही है। प्रदेश के उद्योग मंत्री जल्द इनका शुभारंभ करेंगे। वेंटीलेटर स्थापित होने से जिले के लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
-डॉ. रेणु चौहान, चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन।
संवाद