भगवान श्री वामनदेव की पालकी कंधों पर उठाकर शोभायात्रा में शामिल हुईं एडीएम एकता काप्टा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। भगवान श्री वामनदेव के जयकारों से बुधवार को सराहां गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन के बीच निकली भव्य शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले में हजारों स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री वामनदेव का आशीर्वाद लिया। धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और मेल-मिलाप के इस उत्सव में सराहां का माहौल पूरी तरह मेले के रंग में रंगा नजर आया।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा ने भगवान श्री वामनदेव की पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने भगवान की पालकी को अपने कंधों पर उठाया और शोभायात्रा में शामिल हुईं। मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा बीडीओ कार्यालय और नए बस स्टैंड तक पहुंची। पारंपरिक वाद्य दल और होमगार्ड के जवानों के साथ हजारों लोगों की मौजूदगी ने शोभायात्रा को भव्य रूप दिया। मेले की पारंपरिक रस्म के तहत भगवान श्री वामनदेव की पालकी को शहर के तालाब में नौका विहार भी कराया गया।
एडीएम एकता काप्टा ने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सराहां का श्री वामन द्वादशी मेला सिरमौर के मेलों में अपनी अलग पहचान रखता है। कई दशकों से आयोजित हो रहा यह मेला धार्मिक आस्था और परंपरा के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
तीन दिवसीय मेले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। एडीएम ने खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करने के साथ विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शतरंज प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए बच्चों से पढ़ाई के साथ खेलों में रुचि लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
मेला स्थानीय कारोबार के लिए भी महत्वपूर्ण है। तीन दिनों तक सराहां में लोगों की आवाजाही बढ़ने से बाजार में भी रौनक रहती है। मेले में पहुंचने वाले लोग धार्मिक आयोजन में भाग लेने के साथ विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी भी करते हैं।
इस अवसर पर एसडीएम पच्छाद एवं मेला समिति की सदस्य सचिव डॉ. प्रियंका चंद्रा ने एडीएम एकता काप्टा का स्वागत किया और उन्हें शॉल, टोपी व स्मृति चिह्न भेंट किया।
कार्यक्रम में पच्छाद विधायक रीना कश्यप, जिला परिषद उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, बीडीसी पच्छाद अध्यक्ष प्रकाश भाटिया, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी, नायब तहसीलदार रहीश अहमद, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी, उषा तोमर, रणधीर पंवार, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, व्यापार मंडल सराहां के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।