भाषण में शबनम, म्यूजिकल चेयर स्पर्धा में आशिमा प्रथम
पीएपीएन संस्था ने रेणुकाजी में युवती मेले का आयोजन किया
मौलिक अधिकारों और संविधान के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। सामाजिक कुरीतियों की लड़ाई लड़ रही पीएपीएन संस्था अंधेरी की ओर से रेणुकाजी में युवती मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न संस्थानों के वक्ताओं ने किशोरियों के हितों की रक्षा, महिला अहिंसा, सामाजिक कुरितियों, किशोरियों के अधिकार, उनके उचित पालन पोषण व देखभाल सहित समाज में बेटियों को खुलकर जीवन जीने की आजादी को लेकर जागरूक किया गया। मेले में आसपास की 10 पंचायतों से 150 युवतियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में बड़ग की शबनम पहले, जरग की अंजना दूसरे व अंधेरी की आरती तीसरे स्थान पर रही। रस्साकसी में जरग क्लस्टर प्रथम व घाटों द्वितीय स्थान पर रहा। जलेबी प्रतियोगिता में रणफूआ ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि म्यूजिक चेयर में जरग की आशिमा विजयी रही।
संविधान विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जरग प्रथम, बड़ग द्वितीय व धौलाकुआं तृतीय स्थान पर रहा।
परियोजना समन्वयक सुमित्रा शर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि युवती मेले का मुख्य उद्देश्य मौलिक अधिकारों के साथ साथ किशोरियों संविधान के प्रति जागरूक करना है। इससे पूर्व चाइल्डलाइन की ओर से रामलाल व राजेंद्र सिंह, रेणुका पुलिस की ओर से एएसआई शांता कुमार ठाकुर व महिला आरक्षी किरन शर्मा ने बाल विवाह, दहेज प्रथा, मोबाइल के दुष्प्रभाव, महिला हिंसा व क्रूरता, अधिकारों सहित कानूनी प्रावधानों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस मौके पर श्यामा देवी, सुकून, सरिता, लक्ष्मी देवी व चंद्रकांता सहित पीएपीएन की अन्य महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
.......संवाद