वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और टेबल टेनिस के होंगे मुकाबले
विधायक अजय सोलंकी ने किया शुभारंभ, खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हवाई सफर की घोषणा
नेहरू मैदान के विकास के लिए चार लाख और स्कूल को 31 हजार रुपये देने का ऐलान
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ के नेहरू मैदान में वीरवार को अंडर-14 छात्र वर्ग की 41वीं राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेश के 12 जिलों और खेल छात्रावास चौपाल सहित 13 टीमों के 480 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और टेबल टेनिस के मुकाबले होंगे।
उद्घाटन समारोह में छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। एक छात्रा ने ‘देशा च देश हमारा, हिमाचल प्यारा’ गीत से प्रदेश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। छात्राओं ने प्रदेश के सभी 12 जिलों के गीतों पर आधारित आकर्षक नृत्य भी प्रस्तुत किया। क्रीड़ा संघ की महासचिव रेखा ठाकुर ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। नोडल अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने प्रतियोगिता की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि प्रधानाचार्य प्रेम चौहान ने भी विचार रखे।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि अंडर-14 वर्ग में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को हवाई जहाज से भेजा जाएगा। उन्होंने नेहरू मैदान के विकास के लिए चार लाख रुपये और स्थानीय स्कूल को 31 हजार रुपये अपनी ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा की।
समारोह में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, जिला अध्यक्ष आनंद परमार, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणधीर पंवार, प्रारंभिक शिक्षा जिला उपनिदेशक राजीव ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, अरुण मेहता, विवेक शर्मा, दिनेश आर्य, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष परीक्षा चौहान, जिला परिषद सदस्य रितु बाला, आशा प्रकाश और एसएमसी अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राजगढ़ स्कूल में राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद के शुभरंभ मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करती छा