नाहन/ रोनहाट। वार्षिक परीक्षाओं के मद्देनजर शिक्षा खंड रोनहाट के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्राबिल में बुधवार को उड़नदस्ते ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दसवीं कक्षा की गणित की परीक्षा का संचालन किया जा रहा था, जिसमें कुल 48 विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
शिक्षा उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) के नेतृत्व में गठित विशेष उड़नदस्ते ने सुबह ठीक 10:30 बजे केंद्र में दबिश दी। इस टीम में हिमांशु भारद्वाज और वीरेंद्र परमार विशेष रूप से शामिल रहे। उड़नदस्ते ने दोपहर 1:00 बजे तक केंद्र में रहकर पूरी परीक्षा प्रक्रिया का सूक्ष्मता से अवलोकन किया।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान टीम ने परीक्षा केंद्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को खंगाला। अधिकारियों ने न केवल कैमरों के डिस्प्ले (लाइव फुटेज) का निरीक्षण किया, बल्कि रिकॉर्डिंग स्टोरेज की भी बारीकी से जांच की ताकि किसी भी प्रकार की कोताही की गुंजाइश न रहे।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि विद्यालय में परीक्षा का संचालन पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार पाया गया। किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही थी। दोपहर 1:00 बजे परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। विद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों पर टीम ने संतोष व्यक्त किया।