नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में पुरुषों के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए ड्राइविंग ट्रेनिंग के जरिए स्वरोजगार से जोड़ने की विशेष पहल की गई है।
इसके तहत, यूकोआरसेटी नाहन की ओर से 30 दिवसीय निशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज कर दिया गया है। इस प्रशिक्षण का मकसद युवाओं विशेषकर महिलाओं को रूढ़िवादिता की बेड़ियों को तोड़कर परिवहन क्षेत्र को आजीविका के रूप में तैयार करना है।
विज्ञापन
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज यूकोआरसेटी की निदेशक नवज्योत कौर ने किया। पहले दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रही महिलाओं और पुरुषों से फार्म भरवाए गए और उनको प्रशिक्षण के महत्व पर जागरूक किया गया।
संकाय सदस्य मनीषा चौहान और तानिया भाटिया ने बताया कि 30 दिन का यह प्रशिक्षण शिविर बिल्कुल निशुल्क है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के रहने, खाने-पीने का भी निशुल्क प्रबंध किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डोमेन प्रशिक्षण नरेश कुमार प्रतिभागियों को ड्राइविंग का प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इसके अलावा प्रतिभागियों को यातायात नियमों पर भी जागरूक किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 13 महिलाएं और 17 पुरुष प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।