गिरिपार क्षेत्र की बनौर पंचायत के खतवाड़ गांव में घटना, राहगीर ने सुनी चीखें तो लगा पता-पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ किया मामला दर्ज
-घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज नाहन भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की बनौर पंचायत के खतवाड़ गांव में दो लोगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को लोगों ने सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामभज चौहान निवासी खतवाड़, तहसील पांवटा साहिब का कुछ समय से अपने ही गांव के रहने वाले भीम सिंह और बलबीर सिंह के साथ पानी को लेकर विवाद चला हुआ है। बताया जा रहा है कि भीम सिंह ने रामभज चौहान को फोन कर किसी काम के बहाने बुलाया। इसके बाद दोनों व्यक्तियों ने रामभज चौहान पर किसी तेजधार हथियार से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर झाड़ियों में फेंक दिया।
कुछ देर बाद जब गांव का ही एक व्यक्ति जंगल की तरफ जा रहा था तो झाड़ियों से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो देखा रामभज खून से लथपथ मिला। इसके बाद परिजनों व गांव के अन्य लोगों को सूचना दी गई, तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संवाद