पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा साहिब कालाअंब एनएच पर जोहड़ों से समीप सड़क हादसा हुआ है। कार और ट्रैक्टर में टक्कर में दो लोग घायल हो गए हैं, इसमें एक को गंभीर चोटें आई है। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया है। माजरा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एक कार नाहन से पांवटा की तरफ आ रही थी। जबकि ट्रैक्टर पांवटा से जोहड़ों की तरफ जा रहा था। जोहड़ों के समीप दोनों में टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक विक्रम सिंह (28) गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे में ट्रैक्टर चालक को भी चोटें आई हैं। दोनों ही घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। वरिष्ठ डॉक्टर राजीव चौहान ने कहा कि विक्रम सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर माजरा थाना से आईओ भगवती प्रसाद की टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।