पुलिस थाना शिलाई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, चार नवंबर तक रिमांड मिला
कहां से लेकर आए थे लाखों की खेप और कहां बेचनी थी, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस का अवैध नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस टीम की विशेष अन्वेषण शाखा नाहन (एसआईयू) के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शिलाई में दो युवकों से 712 ग्राम चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें 4 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश मिले हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएसपी मुख्यालय नाहन रमाकांत ठाकुर के नेतृत्व वाली पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा नाहन (एसआईयू) ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव मिल्ला वाईफ्रकेशन के पास दो युवकों अनिल कुमार (37) निवासी शिलाई और आशू वर्मा उर्फ अंकू (21) निवासी अच्छोटी, शिलाई के कब्जे से 712 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को 4 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है कि नशे की इतनी बड़ी खेप आरोपी कहां से लेकर आए थे और इसे कहां बेचने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हाल ही में जिले में नशा तस्करों की 5 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस नशे के खिलाफ हर तरह से कार्रवाई कर रही है।
..........बाक्स...........
600 से 3500 रुपये तक बिकती है प्रति दस ग्राम चरस
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध नशे के कारोबार में मोटी कमाई युवाओं को आकर्षित करती है। चिट्टे के साथ-साथ चरस भी बहुत महंगी बिकती है। बताया जाता है कि गुणवत्ता के अनुसार ही इसकी कीमत है। बाजार में 600 रुपये प्रति 10 ग्राम से इसकी शुरूआत होती है तो 3500 रुपये तक भी जाती है। युवाओं से बरामद की गई चरस की इस खेप की कीमत भी लाखों रुपये हो सकती है।
.........संवाद