कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब, जोहड़ों, खैरी, भंडारीवाला, औगली, नागल साकेती, मोगीनंद व बांका बाड़ा इलाके में बिजली कट का सीधा असर उद्योगों के उत्पादन पर पड़ रहा है। उत्पादन प्रभावित होने से न केवल उद्योगपतियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि ट्रक ऑपरेटर भी मंदी की मार झेलने को विवश हो गए हैं। इन दिनों ट्रक ऑपरेटरों को ढुलाई के लिए माल अपेक्षानुसार नहीं मिल रहा जिसकी वजह से उन्हें मंदी की मार झेलनी पड़ रही है।
ट्रक ऑपरेटर मंजीत सिंह, माधो राम, लक्ष्मी चंद, राजेश, सकील मोहम्मद, राम लाल, याकूब अली, जगदीश, श्यामा, करतार, सोहन सिंह, मलखान आदि ने बताया कि वह बाहरी राज्यों से कच्चा माल कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में लेकर आते हैं और यहां से तैयार माल को बाहरी राज्यों में लेकर जाते हैं।
वर्तमान समय में उद्योगों से माल की ढुलाई कम मिल रही है जिसके कारण उन्हें माल भाड़ा वापसी के लिए कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। ट्रक सड़क में कई दिनों तक खड़े हो रहे हैं।
उधर, लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष विजय बंसल व फार्मा उद्योग एसोसिएशन के अध्यक्ष केशव सैनी ने बताया की उद्यमियों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। पावर कटों के कारण उद्योगों में उत्पादन कम हो रहा है। मार्केट में भी उतार-चढ़ाव चलता रहता है जिसके कारण आयात-निर्यात प्रभावित हो रहा है। जितना काम निकल रहा है, उतना ट्रक ऑपरेटरों को दिया जा रहा है।