माता और पत्नी ने किया ध्वजारोहण
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मणिपुर में ऑपरेशन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए अमर बलिदानी सिपाही सोहन सिंह को उनके पैतृक गांव मानपुर देवड़ा स्थित स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। बलिदानी की माता रुक्मणी देवी और धर्मपत्नी रजनी देवी, जिला सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक दीपक धवन, शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल नागवाल तथा भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा-शिलाई के अध्यक्ष करनैल सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया और भारत माता की जय व सोहन सिंह अमर रहे के नारे लगाए। इसके बाद लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष करनैल सिंह ने बलिदानी सोहन सिंह के व्यक्तित्व और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सोहन सिंह 6वीं डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे। वर्ष 2015 में ऑपरेशन राइनो के अंतर्गत ऑपरेशन इफाजत-1 के तहत उनकी तैनाती मणिपुर में थी। 4 जून 2015 को देश की रक्षा करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए। शहीद के परिवार को स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक दीपक धवन, प्रधानाचार्य अनिल नागवाल, भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा-शिलाई से अध्यक्ष करनैल सिंह, उपाध्यक्ष हरिंदर, सचिव ओम प्रकाश, माम राज चौहान, नरेंद्र ठुंडू, सवर्णजीत, हाकम सिंह, रामभज, दिनेश ठुंडू, पृथ्वी सिंह, माम राज, कुलदीप, विनोद, सुरेंद्र सिंह, अब्दुल वाहिद, प्रधान नरेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।