- ग्रामीणों ने वन विकास निगम को सौंपा ज्ञापन
पुरुवाला (सिरमौर)। वन मंडल पांवटा के अंतर्गत शिव मंदिर नारीवाला के पास प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर पेड़ों की कटाई का मामला तूल पकड़ने लगा है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने पेड़ कटान का विरोध जताते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम, पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपकर टेंडर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है।
स्थानीय ग्रामीणों सोमनाथ, राजेंद्र चौधरी, हेमराज, परमानंद, सुरेंद्र, मोहन, नसीब कौर, परमिता देवी, संजय कुमार, अनिल चौधरी, जगीरी चौधरी, जुल्फीराम, राजेश्वर शर्मा, रेखा शर्मा, गुरदास चौधरी, अशोक कुमार, सीतो देवी, सुदेश, बाला देवी, उमा देवी, सीमा देवी, प्रेमलता, सुरजीत कौर, सोभा देवी, हरदीप कौर, संध्या देवी, महेंद्र कौर और त्रिशला देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि आज हमें सूचना मिली थी कि वन विभाग की ओर से पूरे दलबल के साथ नारीवाला से जानबूखाला तक प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए चिह्नित पेड़ों की कटाई होनी है।
हालांकि विभाग की ओर से कोई नहीं आए, फिर भी हम लोग पेड़ों की बलि नहीं देने देंगे और उसके लिए सभी लोग एकत्रित भी हुए हैं जिसको लेकर ग्रामीणों ने एफआरसी कमेटी नारीवाला के प्रधान के माध्यम से यह ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा है कि वन विभाग की भूमि से जम्मू खाला के लिए नए सड़क मार्ग का प्रस्ताव रखा गया है, जिसके तहत करीब 9 पेड़ों की कटाई का टेंडर जारी किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले से मौजूद पुराने मार्ग को ही पक्का किया जाए, ताकि प्राकृतिक धरोहर को नुकसान न पहुंचे और सरकार का खर्च भी कम आए।
ग्रामीणों ने यह भी तर्क दिया कि वर्तमान समय में पंचायत चुनाव प्रक्रिया चल रही है और नई पंचायत तथा कार्यकारिणी का गठन होना बाकी है। ऐसे में नए प्रस्तावों पर निर्णय नई पंचायत और कार्यकारिणी के गठन के बाद ही लिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नई पंचायत अथवा नई कार्यकारिणी के गठन तक इस मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई न की जाए।
उधर, वन मंडल अधिकारी पांवटा ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है।