ददाहू में 65 साल बाद उपकोष कार्यालय को मिला अपना भवन
48 लाख रुपये से निर्मित भवन का विधानसभा उपाध्यक्ष ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने सोमवार को तहसील परिसर ददाहू में करीब 48 लाख की लागत से निर्मित उपकोष कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ट्रेजरी का अपना भवन बनने से अब विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों और उनके आश्रितों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही तहसील कार्यालय ददाहू में कमरों की कमी भी दूर हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी (डीडीओ) इस उपकोष कार्यालय के माध्यम से करोड़ों रुपये का वार्षिक लेनदेन करते हैं जिनको कार्यालय के निर्माण से काफी सुविधा रहेगी। राजस्व विभाग ने इस उपकोष कार्यालय के निर्माण के लिए अपनी चार बिस्वा भूमि वित्त विभाग के नाम स्थानांतरित की है। इससे पूर्व जिला कोष अधिकारी नाहन पुलकित संदल ने स्वागत किया।
इस मौके पर डीएफओ रेणुकाजी बीआर कंडेटा, तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता आलोक जनवेजा, सहायक अभियंता दिलीप चौहान, राजेश धीमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, मित्र सिंह तोमर व ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व राजकोष विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
-संवाद