मुख्य बाजार समेत अस्पताल में बिजली गुल रहने से लोगों और मरीजों को हुई परेशानी
बारिश के बीच कई घंटों की मशक्कत के बाद ट्रांसफार्मर को किया गया दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिविल अस्पताल के समीप लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में बारिश के कारण तकनीकी खराबी आने से रविवार को सिविल अस्पताल समेत मुख्य बाजार की बिजली दिनभर बाधित रही। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण दुकानदारों, मरीजों और अस्पताल प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली गुल रहने से मुख्य बाजार के दुकानदारों का कामकाज प्रभावित हुआ। वहीं, सिविल अस्पताल में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। अस्पताल में आवश्यक कार्यों के लिए जेनरेटर चलाकर बिजली आपूर्ति बहाल रखनी पड़ी। जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने की सूचना मिलने के बाद विद्युत बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने खराबी को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद ट्रांसफार्मर को दुरुस्त किया गया।
विद्युत बोर्ड पांवटा साहिब के सहायक अभियंता गुरुदत्त चौहान ने बताया कि लगातार बारिश के कारण ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई थी। कर्मचारियों ने बारिश के बीच मरम्मत कार्य शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि शाम करीब चार बजे ट्रांसफार्मर को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।