समग्र शिक्षा अभियान की ओर से सीईसीई सतत मूल्यांकन का दिया जा रहा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। समग्र शिक्षा अभियान की ओर से हिमाचल प्रदेश में सीईसीई सतत समग्र मूल्यांकन का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कॉन्वजीनियस टीम सदस्यों की ओर से कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। नाहन में भी शिक्षकों के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें मास्टर ट्रेनर देवयानी और रिषी शिक्षकों को एक अच्छा प्रश्न पत्र बनाने की तकनीक के विषय में जानकारी दे रहे हैं। उनका कहना है कि प्रश्न पत्र सही ढंग से बना होगा तो बच्चे का मूल्यांकन भी सही प्रकार से किया जा सकेगा। अब तक सिरमौर में 16 बैच के अध्यापक यह प्रशिक्षण हासिल कर चुके हैं, हर बैच में 75 अध्यापक प्रशिक्षित किए जा रहे हैं।
जिला सिरमौर के पांवटा और राजगढ़ ब्लॉक के अध्यापकों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि नाहन व ददाहू ब्लॉक के अध्यापक प्रशिक्षण ले रहे हैं। उपनिदेशक गुणवत्ता एवं जिला परियोजना अधिकारी रीता गुप्ता हर कार्यशाला में जाकर निरीक्षण कर रही हैं।