नाहन/ शिलाई/ सराहां/ ददाहू/संगड़ाह (सिरमौर)। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर सिरमौर जिले में भी ट्रेड यूनियनें हड़ताल पर रहीं। जिले के नाहन, पांवटा साहिब, शिलाई, संगड़ाह, ददाहू और सराहां में विभिन्न यूनियनों से जुड़े लोग सड़क पर उतर गए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार रैलियां निकाली गईं।
नाहन शहर में विभिन्न यूनियनों ने रैली निकालकर विरोध जताया। मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और फिर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। हड़ताल की वजह से आंगनबाड़ी केंद्रों में ताले लटके। वहीं मिड-डे-मील कर्मचारी के हड़ताल पर रहने से दोपहर का भोजन बनाने में दिक्कतें हुईं।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सीटू के जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकार पर मजदूर विरोधी व वादा खिलाफी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तमाम योजनाएं जन विरोधी हैं। उन्होंने ट्रेड यूनियनों से आंदोलन को और मजबूत करने का आहवान किया।
इस अवसर पर इंटक के नासिर मोहम्मद, एटक के अशोक शर्मा, आल इंडिया ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के कमेटी सदस्य धनवीर सिंह, ब्लू स्टार फेडरेशन के मनीष शर्मा, आंगनबाड़ी की सुनीता, रंजना, मिड डे मील से ममता, रणवीर, अक्षम, निर्माण मजदूर से पुरुषोत्तम ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। दया, ममता, लता, भारती, मोती राम, सुरजन नरेश, जसवंत, सलिंद्र, सुरेंद्र, कश्मीर सिंह, विनोद समेत सैकड़ों महिला एवं पुरुष प्रदर्शन में शामिल हुए।
उधर, सराहां में भी जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर यूनियनों ने मांग की है कि बैंक, बीएसएनएल, बीमा, रक्षा, रेलवे, कोयला, बिजली, परिवहन व अन्य सरकारी विभागों में विनिवेश व निजीकरण बंद किया जाएं। श्रम कानून को सख्ती से लागू किया जाएं। मजदूरों का न्यूनतम वेतन अठारह हजार मासिक किया जाएं। ठेका प्रथा को बंद किया जाएं व बोनस सीमा को हटाया जाएं। इस दौरान सीटू के जिला सह सचिव आशीष कुमार, वीना शर्मा, वरुण, चंद्र दत्त, वंदना, राम लाल शर्मा व राम सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
संगड़ाह में भी इस दौरान जोरदार रैली निकाली गई जिसमें जिला प्रभारी रमेश वर्मा, सीटू के जिला कोषाध्यक्ष धनीराम शर्मा, राजपाल अध्यक्ष संगड़ाह कमेटी के अलावा सैकड़ों मजदूरों ने भाग लिया।
शिलाई में संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने मजदूर विरोधी नीतियों व महंगाई के खिलाफ पूरे बाजार में रैली निकाली। एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। इस दौरान बालक राम, टैक चंद, सुमित्रा, रक्षा, विमला, लक्ष्मी देवी, अतरो देवी सहित कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।