वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार हुई रेणुका घाटी
रेणुका झील में स्नान का लुत्फ उठा रहे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर) धार्मिक पर्यटन नगरी रेणुका में इन दिनों पर्यटकों से गुलजार हो रही है। पड़ोसी राज्यों में गर्मी की छुट्टियां होने के कारण पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। हालांकि रविवार को रेणुकाजी का तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहा। उसके बावजूद भी पर्यटकों के उत्साह में कोई कमी दिखाई नहीं दी।
गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटकों ने रेणुका झील में नहाने के साथ-साथ पानी में जमकर अठखेलियां की। साथ ही रेणुका घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने का भी लुत्फ उठाया। पर्यटकों ने नौकायन के साथ-साथ मिनी जू रेणुकाजी में पल रहे वन्यजीवों को नजदीक से निहारा। रविवार को दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, केरल, राजस्थान सहित पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित दुर्गम इलाकों के पर्यटकों का रेणुकाजी में जमावड़ा रहा।
पर्यटन निगम रेणुका होटल के प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सोमवार तक सभी 14 कमरों की एडवांस बुकिंग है।