नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के लाल सोना उत्पादकों के अच्छे दिन आ गए हैं। जिला सिरमौर का टमाटर देश के चार राज्यों में धूम मचा रहा है। इस समय टमाटर का एक क्रेट 900 से 1200 रुपये बिक रहा है। उम्मीदों से कहीं अच्छे दाम मिलने से लाल सोना उत्पादकों के चेहरों में खुशी साफ झलक रही है।
सिरमौर का लाल सोना कहे जाने वाला टमाटर देश की विभिन्न मंडियों में चमक रहा है। भले ही खरीदारों के लिए टमाटर खरीदना भारी पड़ रहा है, लेकिन उत्पादकों को चोखे दाम मिल रहे हैं। यूपी के गाजियाबाद व साहिबाबाद, दिल्ली की ओखला, तिलकनगर व आजादपुर मंडियों के अलावा हरियाणा के यमुनानगर व देहरादून की विभिन्न मंडियों में सिरमौर के टमाटर ने धूम मचा दी है।
उत्पादकों को 22 से 28 किलोग्राम के एक क्रेट का मूल्य 900 से 1200 रुपये मिल रहा है। इसके चलते किसानों को इस बार टमाटर से अच्छी आर्थिकी की उम्मीद बंधी है। बाजार में भी टमाटर उपभोक्ताओं को 40 से 50 रुपये प्रति किलो मिल रहा है।
बाक्स-------
सिरमौर में मौसम मेहरबान
इस बार मौसम भी टमाटर उत्पादकों पर मेहरबान होता नजर आ रहा है। रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते किसानों की फसल को इससे फायदा मिल रहा है। पच्छाद क्षेत्र के बागथन, लाना बांका के अलावा सैनधार के पनार, बेचड़ का बाग, पराड़ा, खैरी, चनालग, नेहरसवार व धारटीधार के विभिन्न क्षेत्रों का टमाटर देश की मंडियों में पहुुंचना शुरू हो गया है। यदि ऐसे ही दाम मिलते रहे तो इस मर्तबा किसानों की आर्थिकी काफी सुदृढ़ हो जाएगी। सिरमौर जिले के पच्छाद, राजगढ़, सैनधार, धारटीधार व इसके आसपास के क्षेत्रों में टमाटर का उत्पादन भारी मात्रा में होता है।