50 दुकानों का निरीक्षण, 13 दुकानदारों के काटे चालान
स्वास्थ्य, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 5 घंटे तक की छापेमारी
बस अड्डा और कॉलेज के पास सर्वाधिक उल्लंघन
कार्रवाई की भनक मिलते ही कई दुकानें बंद
8 दिसंबर तक चलाया जा रहा तंबाकू मुक्त युवा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन और इसके आसपास के व्यस्त क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। रविवार को स्वास्थ्य, पुलिस, खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की छापे मारी में बस अड्डा, ठहराव बिंदुओं और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बड़ी मात्रा में तंबाकू बिक्री के मामले सामने आए।
टीम ने करीब 5 घंटे चली कार्रवाई के दौरान 50 दुकानों का निरीक्षण किया। इनमें से 13 दुकानदार तंबाकू उत्पाद बेचते पाए गए। इनके चालान भी किए गए। कुछ दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल की अगुवाई में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बलजीत नेगी, एएसआई सुमेर सिंह, गृह रक्षक हरभजन सिंह और बीपीएम रोहित की टीम ने रानीताल, डाइट, बस अड्डा परिसर, बाल्मीकि नगर, दिल्ली गेट और डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बनोग के आसपास की दुकानों में जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम को सबसे ज्यादा उल्लंघन बस अड्डा क्षेत्र और कॉलेज के आसपास की दुकानों में मिला। 13 चालानों में से लगभग 8 इन्हीं व्यस्त स्थानों पर किए गए। बस अड्डा रोजाना स्कूल और कॉलेज के हजारों विद्यार्थियों और यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है। यहां तंबाकू की बिक्री गंभीर चिंता का विषय है। कार्रवाई की भनक मिलते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। विभागीय टीम ने भी कुछ समय का अंतराल लेकर शाम के समय दोबारा छापेमारी की।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 8 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत न केवल लोगों को तंबाकू के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में बिक्री पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
50 दुकानों का निरीक्षण किया गया। इसमें 13 दुकानदार के चालान किए गए। शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर विभाग सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।
-डॉ. मोनीषा अग्रवाल, खंड चिकित्सा अधिकारी