कांटी मशवा खड्ड में 16 करोड़ से बन रही उठाऊ पेयजल योजना का काम जल्द होगा पूरा
गर्मियों में पेयजल संकट से जूझने वाले दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामीणों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राष्ट्रीय विकास योजना के तहत कांटी मशवा खड्ड में करीब 16 करोड़ से बन रही उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण अंतिम चरण में है। योजना के पूरा होने के बाद छह पंचायतों की 40 हजार से अधिक आबादी को पेयजल मिलेगा। गर्मियों में पेयजल संकट से जूझने वाले दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों को योजना से राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वर्ष 2022 में करीब 16 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया था। योजना का निर्माण कार्य उत्तराखंड की केसीपीएल कंपनी को मिला है। कांटी मशवा खड्ड में सोयबारा खड्ड के समीप मुख्य टैंक और पंप हाउस का निर्माण किया गया है। डिमनू के पास 456 लाख लीटर क्षमता का पहला स्टोरेज टैंक बनाया गया है। इसके बाद कांटी मशवा पंचायत के बंडारा धार में तीन लाख लीटर क्षमता का दूसरा स्टोरेज टैंक तैयार किया गया है। यहां से कांटी मशवा, कमरऊ, टिटियाना, बोहल बल्दवा और बड़वास पंचायतों को पानी की आपूर्ति की जाएगी।
सखौली पंचायत के देवधार में 104 लाख लीटर क्षमता का तीसरा स्टोरेज टैंक बनाया है। इससे सखौली पंचायत के ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। योजना का संचालन और रखरखाव पांच वर्ष तक संबंधित कंपनी करेगी। इसके बाद इसे जल शक्ति विभाग के अधीन कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों के लिए बनाई रिहायश
योजना के तहत पंप हाउस के समीप कर्मचारियों के रहने के लिए रिहायशी भवन भी बनाया गया है। यहां दिन-रात कर्मचारियों की तैनाती रहेगी, ताकि पेयजल योजना का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। केसीपीएल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर हिमांशु ने बताया कि योजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही कार्य पूरा कर पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
जल शक्ति विभाग कफोटा के सहायक अभियंता वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि करीब 16 करोड़ से बन रही योजना से छह पंचायतों की करीब 40 हजार आबादी को लाभ मिलेगा। पांच वर्ष तक योजना का रखरखाव संबंधित कंपनी करेगी। इसके बाद इसे विभाग के अधीन कर दिया जाएगा।