फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: सड़क गायब.., बची कंकरीट और गड्ढे, बारिश में बन जाता है तालाब

विज्ञापन
नगर परिषद कार्यालय से मेडिकल कॉलेज नाहन जाने वाला शार्टकट बदहाल मार्ग। संवाद
विज्ञापन
ग्राउंड रिपोर्ट:
विज्ञापन

नगर परिषद कार्यालय से मेडिकल कॉलेज तक बदहाल मार्ग, वर्षों से मरम्मत का इंतजार

शार्टकट होने के बावजूद लोग घूमकर पहुंच रहे अस्पताल, मरीजों के लिए बढ़ी परेशानी


पंकज तन्हा

नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर के कई रास्ते इन दिनों बदहाली की कहानी बयां कर रहे हैं। इनमें नगर परिषद कार्यालय से गुगा माड़ी होते हुए मेडिकल कॉलेज जाने वाला मार्ग भी शामिल है। वर्षों से मरम्मत के इंतजार में यह सड़क अब सड़क कम और गड्ढों, कंकरीट व बजरी का रास्ता अधिक नजर आती है। हालात ऐसे हैं कि जरा सी बारिश होते ही सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाता है और पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो जाता है।

नगर परिषद के अधीन आने वाले इस मार्ग की आखिरी बार कब मरम्मत हुई थी, यह स्थानीय लोगों को भी ठीक से याद नहीं है। सड़क की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और सड़क पर बिखरी बजरी दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बारिश के दौरान स्थिति और भी विकट हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने के कारण राहगीरों को सड़क की गहराई का अंदाजा तक नहीं हो पाता।
विज्ञापन


हरिपुर, ढाबो और बगीची समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह मार्ग मेडिकल कॉलेज पहुंचने का सीधा और शार्टकट रास्ता है। इसके बावजूद इसकी बदहाली के कारण लोग अब लंबा रास्ता तय कर अस्पताल पहुंचने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी मरीजों और उनके तीमारदारों को उठानी पड़ रही है।

बारिश के दौरान इस सड़क से गुजरने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। गड्ढों में जमा पानी और कीचड़ से वाहनों के गुजरने पर राहगीरों के कपड़े तक खराब हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे लंबे समय से नगर परिषद से इस मार्ग की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। नगर परिषद में नई-नई परिषदें आती रहीं, लेकिन इस सड़क की हालत सुधारने की दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।

खास बात यह है कि इसी मार्ग पर सर्किट हाउस भी स्थित है, जहां आए दिन बड़े नेता और अन्य महत्वपूर्ण लोग ठहरते हैं। इसके बावजूद सर्किट हाउस तक पहुंचने वाले इस मार्ग की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। संवाद



1. मरम्मत कब हुई, ये भी याद नहीं
आदित्य दत्त शर्मा ने बताया कि इस मार्ग की आखिरी बार कब मरम्मत हुई थी, यह भी अब याद नहीं है। सड़क के किनारों पर निकले नुकीले लोहे और पाइप के टुकड़े राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। बरसात में यहां पानी भरकर तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर भी चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसी मार्ग पर सर्किट हाउस है, जहां आए दिन बड़े नेता भी ठहरते हैं, लेकिन सड़क की हालत पर किसी का ध्यान नहीं है।



2. सुविधा की जगह मुश्किल दे रहा शार्टकट

साजिद अली ने बताया कि मार्ग के नाम पर यहां अब कंकरीट और गड्ढे ही बचे हैं। मेडिकल कॉलेज जाने वाला यह शार्टकट लोगों को सुविधा देने के बजाय परेशानी का कारण बन गया है। लोग इस रास्ते से जाने के बजाय लंबा रास्ता तय कर अस्पताल पहुंच रहे हैं। यदि कोई गंभीर मरीज हो और उसे तुरंत उपचार की जरूरत पड़े तो इस बदहाल मार्ग से अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
विज्ञापन


-

प्रपोजल तैयार कर सरकार को भेजेंगे
नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा ने बताया कि नई नगर परिषद ने हाल ही में कार्यभार संभाला है। यह सड़क काफी वर्षों से बदहाल है। इसकी मरम्मत के लिए प्रपोजल तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा, ताकि इसके लिए आवश्यक फंड की व्यवस्था हो सके।

नगर परिषद कार्यालय से मेडिकल कॉलेज नाहन जाने वाला शार्टकट बदहाल मार्ग। संवाद

नगर परिषद कार्यालय से मेडिकल कॉलेज नाहन जाने वाला शार्टकट बदहाल मार्ग। संवाद

नगर परिषद कार्यालय से मेडिकल कॉलेज नाहन जाने वाला शार्टकट बदहाल मार्ग। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें