जन्म पर 2100 और लड़के के विवाह पर 3100 रुपये देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
सामाजिक आयोजनों में हजारों रुपये मांगने की शिकायतों के बाद लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। ग्राम पंचायत मानपुर देवड़ा की ग्राम सभा ने सामाजिक आयोजनों में बधाई राशि के नाम पर होने वाली मनमानी पर रोक लगाने की पहल की है। ग्राम सभा ने बच्चों के जन्म और लड़के के विवाह के अवसर पर किन्नरों की ओर से मांगी जाने वाली बधाई राशि की सीमा तय करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया है।
प्रस्ताव के तहत बच्चे के जन्म पर 2100 रुपये और लड़के के विवाह पर 3100 रुपये बधाई राशि निर्धारित की गई है। पंचायत ने प्रस्ताव को आगामी कार्रवाई के लिए एसडीएम पांवटा साहिब को भेज दिया है। ग्राम पंचायत कार्यालय में प्रधान नरेंद्र पाल की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रस्ताव संख्या-10 के तहत सामाजिक आयोजनों में बधाई राशि का मुद्दा रखा गया।
प्रस्ताव में कहा गया कि बच्चे के जन्म और लड़के के विवाह के अवसर पर किन्नरों की ओर से परिवारों से बधाई राशि मांगी जाती है। कई मामलों में यह राशि मनमर्जी से तय की जाती है और हजारों रुपये तक पहुंच जाती है। इससे परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव पड़ने की स्थिति बनती है। मामले पर चर्चा के बाद ग्राम सभा ने बधाई राशि की अधिकतम सीमा निर्धारित करने का निर्णय लिया।
पंचायत प्रधान नरेंद्र पाल ने बताया कि ग्राम सभा से पारित प्रस्ताव को आगामी कार्रवाई के लिए एसडीएम पांवटा साहिब को भेज दिया गया है। पंचायत का मानना है कि बधाई राशि की सीमा तय होने से सामाजिक आयोजनों के दौरान परिवारों पर मनमर्जी से पड़ने वाले आर्थिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।