करंट लगने के बाद खंभे से गिरने से हुई थी मौत
राज्य सहकारी बैंक ने पत्नी के खाते में जमा किए पैसे
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राज्य सहकारी (कोऑपरेटिव) बैंक की ददाहू शाखा ने समूह दुर्घटना बीमा योजना के तहत महिला को उसके कर्मचारी पति के निधन के बाद 30 लाख रुपये की आर्थिक दी। यह राशि आश्रित महिला के बैंक खाते में जमा कर दी है।
बैंक के निदेशक भारत भूषण मोहिल और जिला प्रबंधक महेश कुमार ने मृत कर्मचारी की पत्नी लीला देवी को चेक भेंट करते हुए कहा कि बैंक उनके दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है, ताकि आश्रित परिवार का भविष्य सुरक्षित रह सके। ददाहू शाखा प्रबंधक खेमराज चौहान ने बताया कि बिजली बोर्ड में लाइनमैन के पद पर कार्यरत कठमली निवासी जीवन सिंह का 9 फरवरी 2024 को करंट लगने के बाद पोल से गिरने से निधन हो गया था।
उन्होंने बताया कि निधन से पहले जीवन सिंह ने सैलरी खाते से केयर हेल्थ बीमा योजना में आवेदन किया था और 284 रुपये के प्रीमियम की पहली किस्त भी जमा करवाई थी। कुछ समय बाद ही उनका निधन हो गया। इसके बाद उनका क्लेम बनाकर बीमा कंपनी को भेजा गया। क्लेम स्वीकृत होने पर उनकी आश्रित पत्नी को योजना के तहत 30 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी गई।
केयर हेल्थ के क्षेत्रीय प्रबंधक अर्जुन ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रदेश भर में अब तक 13 क्लेम स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाभार्थियों को कुल पांच करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। मृतक जीवन सिंह की पत्नी लीला देवी ने बैंक प्रबंधन और केयर हेल्थ का कठिन समय में सहयोग देने के लिए आभार जताया। इस अवसर पर बैंक के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।