कहा यह रूट निजी बस को नहीं दिया जाए, बढ़ेगी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी नाहन (सिरमौर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम की नाहन-नेहरस्वार बस सेवा को बंद किए जाने की तैयारी चल रही है। ऐसे में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल विधायक अजय सोलंकी से मिला। ज्ञापन सौंपकर मांग उठाई गई कि बस सेवा को बंद न किया जाए।
ज्ञापन में रणवीर, रमेश चंद, मदन सिंह, मनपाल सिंह, सुनील कुमार, सत्यपाल सिंह, संजीव सोलंकी, रणजीत सिंह, दिनेश, जोगिंद्र सिंह, मस्तराम आदि ने बताया कि उन्हें पता चला है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन डिपो के अंतर्गत संचालित नाहन-नेहरस्वार सरकारी बस सेवा को बंद कर रहा है और निजी बस को रूट दिया जा रहा है। नाहन-नेहरस्वार सरकारी बस सेवा क्षेत्र की एकमात्र सुलभ एवं किफायती सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था है।
यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं आम नागरिक इस बस सेवा पर निर्भर हैं। यदि बस सेवा को बंद किया जाएगा तो लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। विद्यार्थियों को निजी बस सेवाओं पर निर्भर होना पड़ेगा। विद्यार्थियों को खुद स्कूल छोड़ने की नौबत आ सकती है। विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी पड़ेगा। ग्रामीणों ने सरकार से मांग उठाई है कि बस सेवा को बंद न किया जाए।