पांवटा साहिब में 30वीं उत्तर भारत वीर शिवाजी क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए रोमांचक मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब नगर परिषद खेल मैदान में शिवाजी स्पोर्ट्स एवं सांस्कृतिक क्लब के सौजन्य से 30वीं उत्तर भारतीय वीर शिवाजी क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। शुक्रवार को क्यारदा की टीम ने धारटीधार को 6 विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया।
धारटीधार की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए। अजय ठाकुर ने 45 व सन्नी ने 30 रन बनाए। क्यारदा के गेंदबाज टिंकू ने 4, गोचर ने 2 व राहुल ने 1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्यारदा की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। गोचर ने 29, राहुल ने 26, रोहित ने 25 व महेश ने 20 रन बनाए। धारटीधार के गेंदबाज अजय व रोहित ने 2-2 विकेट झटके।