सिटी स्पोर्ट्स
शुभम ने 34 और कप्तान यश तोमर ने बनाए 33 रन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। बहराल स्थित जीटी क्रिकेट सेंटर में चल रही सिरमौर क्रिकेट लीग में रोमांचक मुकाबले में टौरू भैला ने अली इलेवन को एक विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अली इलेवन की टीम 19.5 ओवर में 131 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 61 रन बनाए, जिनमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। पंकज ने 33 रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।
टौरू भैला की ओर से बबलू चौहान ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। लकी तोमर और लोकेश त्यागी ने 2-2 विकेट झटके। 132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भैला की टीम ने 19.4 ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से शुभम मेहता ने 23 गेंदों में 34 रन की पारी खेली। कप्तान यश तोमर ने 33 रन बनाए, जबकि बबलू चौहान ने 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। अली इलेवन के अकरम ने तीन, अनिल ने दो और कप्तान मोसिन ने एक विकेट हासिल किया।