बोले, पहले से दोगुना आ रहे हैं बिजली के बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश में लगाए जा रहे नए बिजली के मीटरों (स्मार्ट मीटर) को लेकर जनता में भारी रोष व्याप्त है। इस मुद्दे पर सेवानिवृत्त अध्यापक संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सेवानिवृत्त अध्यापक संघ के जिला प्रधान दलीप वर्मा, नीना कौशिक, गुरुदेव धीमान, मदन पंवार, अशोक, ओमलता कालरा ने एक संयुक्त बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि नए बिजली बिलों से आम जनता अत्यधिक परेशान है। संघ ने मांग की है कि सरकार इन नए मीटरों को लगाने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाए। उन्होंने बताया कि पहले बिजली के बिल 600 से 800 तक आ रहे थे। नए स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब यही बिल 1200 से अधिक आ रहे हैं।
संघ ने कहा कि गांवों में रहने वाले कई लोगों के पास मोबाइल फोन या तकनीकी जानकारी नहीं है, जिससे उन्हें नए मीटरों और बिलिंग प्रणाली को समझने में कठिनाई हो रही है। उनको बिल नहीं मिल पा रहे हैं।
संघ ने स्पष्ट किया कि अप्रैल माह में एक आम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक स्वर्गीय प्रेमलता कश्यप की याद में आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी चुनावों और संघ के प्रधान व सचिव के पदों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाएगा। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस विषय पर शीघ्र विचार नहीं किया, तो संघ के सदस्य सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को वापस लिया जाए।
संवाद