पांवटा साहिब (सिरमौर)। द स्कॉलर्स होम स्कूल पांवटा साहिब के प्रांगण में अध्यापक दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यक्रम को दो चरणों में बांटा गया। इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन करते हुए शिक्षा क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले अध्यापकों को सम्मानित किया गया। यादगार उपहार के तौर पर पौधे भी भेंट किए गए।
स्कूल के निदेशक नरेंद्र पाल सिंह नारंग ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के निर्माण में अध्यापकों का उल्लेखनीय योगदान रहता है। भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधा-कृष्णन के जन्मदिन को देश में शिक्षक दिवस के रुप में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने जीवन के 4 दशक शिक्षक के रुप में बिताए थे।
नारंग ने कहा कि शिक्षक खुद कई संघर्षों और दिक्कतों से जूझ कर देश को बेहतर नागरिक प्रदान करता है। देश के निर्माण में शिक्षक के अलग ही महत्व रहता है। अध्यापक दिवस के इस अवसर पर द स्कॉलर्स होम स्कूल की दो शिक्षिकाओं ज्योति शर्मा और श्रुति नेगी को नेशनल बिल्डर अवार्ड से सम्मानित किया गया। अध्यापक ही छात्रों का बेहतर मार्गदर्शन करते रहे हैं। आज इस सर्वव्यापी महामारी में भी अपना सहयोग दे रहे हैं।
जनजीवन को मानसिक तनाव से बचाने का भी साथ में प्रयास कर रहे हैं। प्रथम चरण में कक्षा प्री नर्सरी से पांचवीं तक के अध्यापकों को सम्मानित किया गया। द्वितीय चरण में कक्षा छठी से बारहवीं तक के अध्यापकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक नरेंद्र पाल सिंह नारंग, स्कूल निदेशिका गुरमीत कौर नारंग, उप प्रधानाचार्या ममता सैनी द्वारा सभी अध्यापकों और स्टाफ के परिश्रम को खूब सराहा गया।