पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में खनन विभाग की टीम ने अवैध खनन करते 3 वाहनों को दबोचा है। इसमें 2 टिपर और एक ट्रैक्टर संचालक से 27,500 जुर्माना राशि वसूली गई है। उधर, पांवटा क्षेत्र के रामपुरघाट में अवैध खनन के लिए संवेदनशील संपर्क मार्ग को जेसीबी मशीन से खुदाई कर बंद करवा दिया गया है जिससे अवैध खनन पर अंकुश लगाया जा सके।
खनन विभाग पांवटा साहिब के निरीक्षक मंगतराम शर्मा के नेतृत्व में खनन रक्षक संजीव कुमार और राजेश कुमार की टीम ने रात को नाके लगाने शुरू कर दिए हैं। रात और सुबह के वक्त टीम अवैध खनन कर रहे 2 टिपर और 1 ट्रैक्टर पकड़ा। तीनों वाहनों के संचालकों से 27,500 रुपये जुर्माना राशि वसूली गई है। पांवटा के रामपुरघाट में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर खनन विभाग की टीम ने अवैध संवेदनशील रास्ते को जेसीबी मशीन से खुदाई कर बंद करवा दिया है जिससे नदी क्षेत्रों में अवैध खनन को रोका जा सके।
खनन निरीक्षक पांवटा मंगतराम शर्मा ने बताया कि जिलाधीश ने क्रेशरों से रेत बजरी की गाड़ियों का समय रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक किया है। इसका पालन करवाने को डीसी सिरमौर और खनन अधिकारी सिरमौर के आदेशानुसार रात को सड़कों पर जगह-जगह नाके लगाने शुरू कर दिए हैं। इसी दौरान तीनों वाहनों को अवैध खनन करते पकड़ कर जुर्माना वसूला गया है। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। सभी क्रेशर संचालकों को समय सारिणी का पालन करने को नोटिस के रुप में सूचना जारी कर दी गई है। जिलाधीश द्वारा तय समय का पालन नहीं होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। उधर, जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज ने कार्रवाई की पुष्टि की है।