स्टाफ के सामने थप्पड़ भी मारे
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरूवाला (सिरमौर)। पुलिस थाना पुरूवाला के अंतर्गत आने वाले एक स्कूल की अध्यापिका ने सहकर्मी पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़िता ने संबंधित विभाग के साथ-साथ पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता शिक्षिका का आरोप है कि विद्यालय में कार्यरत प्रवक्ता लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। वह उनके साथ छेड़छाड़ करता रहा है और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता है। शिकायत के अनुसार आरोपी कई बार मिलने पर उनके शरीर को अनुचित तरीके से छूता रहा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर आरोपी ने कहा कि तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, मेरी पहुंच ऊपर तक है।
शिक्षिका ने शिकायत में बताया कि 25 फरवरी को सुबह करीब 8:48 बजे जब वह स्टाफ रूम में अपना सामान रखने जा रही थीं, तभी आरोपी वहां पहुंचा और उनके साथ बदसलूकी करने लगा। आरोप है कि उसने अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपी ने स्टाफ के अन्य सदस्यों के सामने उन्हें थप्पड़ भी मारे। पीड़िता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंका जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।