बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से लोगों को मिलेगी राहत, गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर पहुंच रहे विभागीय अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पांवटा साहिब की सड़कों की सूरत अब बदलने लगी है। लोक निर्माण विभाग ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों को जोडऩे वाले प्रमुख मार्गों की मरम्मत और टारिंग का काम तेज कर दिया है। परशुराम चौक से शिवपुर तक सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है, जबकि विश्वकर्मा चौक से रामपुर घाट मार्ग पर भी टारिंग शुरू कर दी गई है। लंबे समय से बदहाल सड़कों से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
पांवटा साहिब से देवी नगर और रामपुर घाट की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग काफी समय से खस्ताहाल था। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को इनका अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता था। इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।
बरसात का मौसम समाप्त होते ही लोक निर्माण विभाग ने सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाई है। विभाग की ओर से विभिन्न मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से टारिंग करवाई जा रही है। परशुराम चौक से शिवपुर तक कई हिस्सों में तारकोल बिछाने का काम लगभग पूरा होने वाला है। वहीं, विश्वकर्मा चौक से रामपुर घाट तक भी सड़क की टारिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं। सड़कों की हालत सुधरने से स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रामभज तोमर ने बताया कि क्षेत्र की बदहाल सड़कों को सुधारने का कार्य प्रगति पर है। विभाग की ओर से सड़कों की मरम्मत और टारिंग का काम तेजी से करवाया जा रहा है।-