-उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर रोक सख्ती से लागू करें
-होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर होंगे औचक निरीक्षण, उल्लंघन करने वालों के काटे जाएंगे चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर को तंबाकू मुक्त जिला बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत जिले के 50 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थानों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बुधवार को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से आयोजित तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 की जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को तैयार कार्ययोजना पर तत्परता से काम करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और सिरमौर को तंबाकू मुक्त जिला बनाना है। उन्होंने जिला स्तरीय समन्वय समिति को अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
प्रियंका वर्मा ने कहा कि कोटपा अधिनियम-2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन और नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने पर प्रतिबंध है। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी प्रतिबंधित है। इन प्रावधानों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना देरी किए कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समय-समय पर गठित कार्य बल के माध्यम से होटलों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान किए जाएं, ताकि तंबाकू सेवन और नशाखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने जिला की नगर परिषद और नगर पंचायतों को कूड़ा एकत्रित करने वाली स्वच्छता गाड़ियों में एंटी टोबैको जिंगल चलाने के निर्देश भी दिए। इसके माध्यम से आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि अभियान को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, शहरी निकायों, पंचायती राज संस्थाओं और प्रशासनिक विभागों के सहयोग से लागू किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को तंबाकू और अन्य नशों के दुष्प्रभावों से अवगत करवाना है।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वीके सांगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।