-इंतजार अली, आलीशान, चांद खान, अनवी शर्मा, एकनूर धीमान और शालिनी शर्मा को मिला बेस्ट स्विमर अवॉर्ड
-पांवटा में प्रथम सिरमौर जिला स्वीमिंग चैंपियनशिप का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिला स्वीमिंग एसोसिएशन की ओर से हिमाचल प्रदेश स्वीमिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रथम सिरमौर जिला स्वीमिंग चैंपियनशिप का समापन हुआ। समापन समारोह में अटल बिहारी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली के सेवानिवृत्त उपनिदेशक राकेश कुमार वालिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। हिमाचल प्रदेश स्वीमिंग एसोसिएशन के राज्य कार्यकारिणी सदस्य तनु चौहान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
आयोजन सचिव एडवोकेट गुलशन अंसारी ने बताया कि विभिन्न आयु वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने पर इंतजार अली, आलीशान, चांद खान, अनवी शर्मा, एकनूर धीमान और शालिनी शर्मा को बेस्ट स्वीमर अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। चैंपियनशिप के दौरान 25, 50 और 100 मीटर फ्रीस्टाइल के अलावा बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक और ब्रेस्टस्ट्रोक की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों के खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा, महासचिव राजवीर सिंह और आयोजन सचिव एडवोकेट गुलशन अंसारी ने मुख्यातिथि और विशेष अतिथि को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राकेश कुमार वालिया और तनु चौहान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खेल युवाओं में आपसी सहयोग, मेल-मिलाप, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्वीमिंग एसोसिएशन के राज्य महासचिव इशान अख्तर, तकनीकी अधिकारी दीक्षा शर्मा, उपासना वर्मा, नर्वदा शर्मा तथा जिला पदाधिकारी गुंजन, मोहित सहित अन्य मौजूद रहे।