-राजकीय महाविद्यालय सराहां में कार्यशाला,
- मासिक धर्म स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली पर दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय सराहां में शनिवार को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. मोल्लम डोलमा ने शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली व्यक्ति के आत्मविश्वास, कार्यक्षमता और व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती है।
महिला प्रकोष्ठ की सदस्य प्रो. जीना गुप्ता ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक रूढ़ियों पर चर्चा करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने, पर्याप्त आराम करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
कार्यशाला में महिला प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. रीमा शर्मा और प्रियंका सराओ ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय की 93 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्राओं को सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन के उपयोग की भी जानकारी दी गई। अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई।-