डीएफओ पांवटा और तहसीलदार समेत पंचायत प्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वन मंडल पांवटा के तहत पड़ने वाले ग्राम घुतनपुर में हरियाली अभियान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान डीएफओ पांवटा साहिब, तहसीलदार समेत पंचायत प्रधान, अन्य प्रतिनिधियों, वन कर्मियों व ग्रामीणों ने पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान वन विभागीय अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों आम, हरड़ और नींबू सहित अन्य फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए।
वन मंडल पांवटा साहिब के तहत पड़ने वाले घुतनपुर गांव में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अभियान में तहसीलदार पांवटा साहिब मस्तराम भारद्वाज, डीएफओ वेद प्रकाश ने विशेष रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के दर्जनों पौधे रोपे गए। डीएफओ ने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पातलियों के प्रधान मोहन सिंह सहोता, पूर्व प्रधान दाता राम चौहान, फॉरेस्ट गार्ड हिमानी, नसीम, शिवराम पंडित, गुर्जर आलमगीर, बशीर, वीरू, नसीम व रवि समेत घुतनपुर के ग्रामीण भी मौजूद रहे।-