संगड़ाह कॉलेज में स्वच्छता दिवस मनाया
हरिपुरधार कॉलेज ने गाेद लिया बियोंग गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान और गांधी जयंती के उपलक्ष्य में एनएसएस इकाई और एनसीसी इकाई के संयुक्त तत्वाधान में स्वयंसेवियों ने मंगलवार को स्वच्छता दिवस का आयोजन किया, वहीं हरिपुरधार महाविद्यालय में भी स्वच्छता पखवाड़ा मनाया गया।
एनएसएस प्रभारी प्रो. संदीप कुमार कनिष्क और एनसीसी प्रभारी प्रो. कविता चौहान के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर के चारों ओर फैले प्लास्टिक के कचरे को एकत्र कर निश्चित स्थान पर उसका निष्पादन किया। परिसर के चारों ओर ऊगी झाड़ियों की भी सफाई की गई और हर्बल गार्डन में लगाएं विभिन्न प्रकार के पौधों और गमलों में खाद व पानी दिया गया।
इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय हरिपुरधार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से चलाए गए स्वच्छता पखवाड़े के तहत गोद लिए गए बियोंग गांव में एक विशेष स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय की रेड रिबन इकाई प्रभारी प्रो. वर्षा रानी ने बताया कि गांव में एचआईवी एड्स के प्रति लघु नाटिका से जागरूक किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना संयोजक रोहित शर्मा व प्रो. हिमाद्री ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
संवाद