संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। ग्राम पंचायत टिक्कर के मडेढ़ा गांव में मक्की की फसल पर सुंडी के प्रकोप को लेकर किसानों की परेशानी उजागर होने के बाद कृषि विभाग हरकत में आया है। कृषि विभाग राजगढ़ के विषय विशेषज्ञ शिव राम ने प्रभावित गांव का दौरा कर खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि गांव में आधे से अधिक मक्की की फसल सुंडी की चपेट में आ चुकी है। यह सुंडी मक्की के पौधे के तने के अंदर तक पहुंचकर उसे भीतर ही भीतर नष्ट कर रही है, जिससे पौधे सूखने लगे हैं और उत्पादन पर संकट गहरा गया है। किसानों ने बताया कि पहले भी कीट का प्रकोप देखा गया था, लेकिन इस बार नुकसान कहीं अधिक है।
कृषि विभाग के विषय विशेषज्ञ शिव राम ने बताया कि पिछले कुछ समय से यह सुंडी मक्की की फसल को नुकसान पहुंचा रही है, लेकिन इस वर्ष इसका प्रकोप काफी अधिक देखने को मिला है। उन्होंने किसानों को तुरंत अनुशंसित कीटनाशकों कोराजन का छिड़काव करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मक्की का पौधा बड़ा हो चुका है, इसलिए जहां सामान्यतः एक पंप स्प्रे किया जाता है, वहां दो पंप स्प्रे करना चाहिए, ताकि दवा पौधे के अंदर तक पहुंच सके और सुंडी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कीटनाशकों का छिड़काव किया जाए तो फसल को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है। कृषि विभाग ने किसानों से खेतों की नियमित निगरानी रखने और किसी भी प्रकार के कीट प्रकोप की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है। इस अवसर पर गांव के किसान कमल शर्मा, मनोज, शर्मा, संजीव, सत्यदेव, सहित गांव के किसान उपस्थित रहे।