पांवटा साहिब कॉलज में एनएसएस शिविर शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ हुआ। एनएसएस की छात्राओं ने नाटी ने दर्शकों का मन मोह लिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई पांवटा की ओर से 13 से 19 फरवरी तक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शीतल शर्मा ने युवा और डिजिटल साक्षरता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आधुनिक युग में डिजिटल साक्षरता एक आवश्यक कौशल बन गई है। उन्होंने एनएसएस के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि यह संगठन केवल सामाजिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों के व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर का उद्देश्य युवाओं में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना और उन्हें समाज सेवा के प्रति जागरूक बनाना है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष महेश खुराना तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।
महेश खुराना ने एनएसएस के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस केवल एक पाठ्येतर गतिविधि नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है, जो छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।
प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने कहा कि एनएसएस इकाई ने पूरे वर्ष विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया है। उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित किया कि वे इसी जोश और उत्साह के साथ आगे भी समाज सेवा में योगदान देते रहें।