क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र धौलाकुआं के भ्रमण पर पहुंचे गोविंद बल्लभ पंत कृ
पंतनगर विश्वविद्यालय के 26 विद्यार्थियों ने किया क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं (सिरमौर)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के बीटेक खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कार्यक्रम के 26 विद्यार्थियों के दल ने शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत धौलाकुआं स्थित क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बागवानी अनुसंधान, पौध उत्पादन तथा आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।
विद्यार्थियों के साथ डॉ. आनंद सिंह जीना और अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर डॉ. प्रियंका ठाकुर ने केंद्र की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों, अनुसंधान गतिविधियों और प्रसार कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र क्षेत्र में बागवानी के विकास के लिए विभिन्न उन्नत तकनीकों पर कार्य कर रहा है। साथ ही वैज्ञानिक ज्ञान को किसानों और विद्यार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भ्रमण के दौरान डॉ. सिमरन कश्यप ने विद्यार्थियों को नर्सरी उत्पादन क्षेत्र का अवलोकन करवाया। उन्होंने विभिन्न फल एवं पुष्प फसलों की प्रवर्धन और उत्पादन तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पौध तैयार करने की आधुनिक विधियों, उत्पादन प्रणालियों तथा अनुसंधान गतिविधियों को नजदीक से देखा और समझा। भ्रमण के अंत में आयोजित संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने बागवानी अनुसंधान, तकनीकी विकास और किसानों तक नई तकनीकों के प्रसार में केंद्र की भूमिका की सराहना की। संवाद