एवीएन स्कूल के 700 विद्यार्थियों ने किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। एवीएन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन के विद्यार्थियों ने वीरवार को शहर में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने रैली से लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस रैली में छठी से बारहवीं कक्षा तक के करीब 700 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस जागरूकता रैली को स्कूल परिसर से प्रधानाचार्य केके चंदोला ने तिरंगा झंडा दिखाकर रवाना किया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई यह रैली लाइब्रेरी, चौगान, दिल्ली गेट, बड़ा चौक, गुन्नुघाट, लखदाता पीर और माल रोड से होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य चंदोला ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा जहां शरीर को नुकसान पहुंचाता है, वहीं यह परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधा बनता है। आर्थिक हानि का यह सबसे बड़ा कारण है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह इस सामाजिक अभिशाप के उन्मूलन में अपना योगदान दे। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे।