विद्युत उत्पादन की तकनीक से रूबरू हुए मलगांव स्कूल के बच्चे
गिरि जल विद्युत परियोजना गिरि नगर का शैक्षणिक भ्रमण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत उच्च विद्यालय मलगांव के विद्यार्थियों ने मंगलवार को गिरि जल विद्युत परियोजना गिरि नगर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चे पानी से बिजली उत्पादन की तकनीक से भी रूबरू हुए।
विद्यालय के अध्यापक संदीप कुमार, ललिता चौहान, वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में 22 विद्यार्थियों ने विद्युत उत्पादन की प्रक्रियाओं सहित वहां प्रयुक्त मशीनों की कार्य प्रणाली को लेकर जानकारी हासिल की। विद्युत गृह के कनिष्ठ अभियंता अंकित ठाकुर ने बच्चों को बताया कि विद्युत परियोजना के माध्यम से न्यूनतम 18 मेगावाट से अधिकतम 60 मेगावाट तक बिजली उत्पादन किया जाता है।
यहां से ददाहू, कालाअंब व सोलन के सब स्टेशनों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। इस दौरान विद्यार्थियों ने बिजली उत्पादन की बारीकियों को समझा और इस तकनीकी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर प्राप्त किया। छात्रा आरुषि ने बताया कि यह भ्रमण उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक व प्रेरणादायक रहा। मुख्याध्यापिका शालू परमार ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शैक्षणिक कार्यों में रुचि बढ़ाने का प्रयास करना है।