ददाहू कॉलेज में आग से बचने का पूर्वाभ्यास करते विद्यार्थी। संवाद
डिग्री कॉलेज ददाहू में आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय ददाहू में आपदा प्रबंधन क्लब के सौजन्य से सोमवार को कॉलेज परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपदाओं से जुड़ी विभिन्न जानकारियों के साथ आपदा से पहले की तैयारियों, आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले बचाव उपायों और आपदा के बाद की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को आग से बचाव का पूर्वाभ्यास भी करवाया गया। आपदा प्रबंधन क्लब के नोडल अधिकारी प्रो. दिनेश कुमार ने भूकंप के समय बरती जाने वाली सावधानियों और भूकंप के बाद राहत शिविरों में किए जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी प्रदान की।
उन्होंने विद्यार्थियों को भूकंप पीड़ितों और आपदा प्रभावित लोगों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने की विधि के बारे में भी बताया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. पवन कुमार, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. सुरमया गुसाईं, प्रो. बबीता मेहता सहित अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।