पांवटा साहिब में नशा मुक्त भारत रैली निकाली
कार्यवाहक प्राचार्य ने रैली को दिखाई हरी झंडी
एनएसएस, एनसीसी, आरएंडआर एवं एंटी ड्रग सेल के सहयोग से जागरूकता रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एनएसएस, एनसीसी, आरएंडआर यूनिट और एंटी ड्रग सेल के सहयोग से जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर बंगरान और देवीनगर होते हुए वापस परिसर में समाप्त हुई।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. डीएस तोमर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और छात्रों को नशे से दूर रहने तथा अनुशासित व स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने नशा विरोधी नारों के माध्यम से आम जनता को नशे के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
डॉ. तोमर ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना, उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देना, सामाजिक चेतना बढ़ाना और नशा मुक्त समाज का संदेश फैलाना था। रैली का समापन नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ।
इस कार्यक्रम में करीब 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स, आरएंडआर यूनिट और एंटी ड्रग सेल के स्वयंसेवक शामिल थे। इस दौरान डॉ. अरुण दफराइक, प्रो. कांता चौहान, प्रो. प्रतिभा, प्रो. संदीप शर्मा, प्रो. पूजा भट्टी और कल्याण राणा भी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन तथा उत्साहवर्धन किया।