नाहन (सिरमौर)। रूसा की खामियों के खिलाफ नाहन व पांवटा साहिब कॉलेज में जमकर गुस्सा फूटा। नाहन में इस बार यह प्रदर्शन किसी छात्र नेता या फिर संगठन के बैनर तले नहीं, बल्कि आम छात्रों ने किया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा घोषित किए गए फर्स्ट सेमेस्टर के रिजल्ट के खिलाफ छात्रों ने गुस्सा निकाला।
थर्ड सेमेस्टर के अलावा अन्य सेमेस्टर के छात्रों ने फर्स्ट सेमेस्टर के खराब रिजल्ट के विरोध में विवि प्रशासन की कार्यप्रणाली व रूसा के खिलाफ नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि फर्स्ट सेमेस्टर के रिजल्ट अच्छे नहीं आए हैं। 60 फीसदी छात्रों को फेल कर दिया है। बताया यह भी जा रहा है कि किसी छात्र को मेजर सब्जेक्ट में फेल किया गया है तो किसी को इंटरनल असेसमेंट में नंबर न मिलने से रिजल्ट खराब हो गया है।
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन रूसा की कमियों को दूर नहीं कर पाया है। इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। छात्रों ने यह भी कहा कि विवि प्रशासन यदि जल्द ही रिजल्ट को दुरुस्त नहीं करता तो छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। नाहन कॉलेज के प्रिंसिपल दिनेश कुमार भारद्वाज ने बताया कि छात्रों के खराब रिजल्ट आने पर विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत करा दिया है। उन्होंने बताया कि विवि की ओर से रिवाइज्ड रिजल्ट डालने की बात कही गई है।
--------------
नाहन में निकाली रैली
पीजी कॉलेज नाहन के छात्र व छात्राओं ने विशाल रैली निकाली। छात्रों के साथ-साथ छात्राओं ने भी विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इस दौरान रूसा की विसंगतियों व विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। साइंस ब्लॉक से शुरू हुई रैली दिल्ली गेट व आर्ट्स ब्लॉक पहुंची। इस दौरान दर्जनों छात्र उपस्थित रहे।
------------
पांवटा में भी जमकर हुआ प्रदर्शन
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा कॉलेज में रूसा प्रणाली के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया। छात्रों ने प्रथम सेमेस्टर के परिणाम रूसा की खामियों व गुणात्मकता पर सवालिया निशान लगाए। आक्रोशित विद्यार्थियों ने सोमवार को कॉलेज कैंपस में रूसा के खिलाफ गुस्सा निकाला। एसएफआई प्रदेश सह सचिव ने एक सितंबर तक सरकार व विवि प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि रिजल्ट के पुनर्मूल्यांकन की मांग पूरी नहीं हुई तो दो सितंबर को पूरे प्रदेश में शिक्षा बंद करेंगे।
एसएफआई राज्य सह सचिव अमित ठाकुर, जिला अध्यक्ष रामकुमार व सचिव सचिन ठाकुर ने कहा कि 27 अगस्त को रूसा के तहत आधे अधूरे परिणाम घोषित कर दिए हैं। एसएफआई राज्य सह सचिव ने कहा कि घुमारवीं कॉलेज में छात्रा ने परिणाम सही नहीं आने पर आत्महत्या की है। इसके लिए रूसा सिस्टम व विवि जिम्मेवार है। इस मौके पर विकेश शर्मा, अमित ठाकुर, आशुतोष, शानू, अजय कुमार, विरेंद्र सिंह, संजय कुमार, पंकज, मंजू, वर्षा, ललिता, कमल सिंह, रोहन, पारुल, किरण, आशु, सतीश, अरुण, मोनिका, अंजू, मनीषा व किरण समेत कॉलेज के अन्य विद्यार्थी मौजूद थे।